शराब के नशे में पिकअप चालक द्वारा 2 गोवंशों को कुचला, विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा ने एफआईआर दर्ज करने की मांग
1 min readबांदा,
जनपद बांदा में गोवंशों की रक्षा के नाम पर प्रशासन की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा के जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने आज नगर कोतवाली बांदा में प्रार्थना पत्र देकर शराब के नशे में धुत पिकअप चालक द्वारा 2 गोवंशों को कुचलकर मार डालने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 19 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 1:00 बजे चिल्ला रोड स्थित श्रीनाथ बिहार के सामने तेज रफ्तार पिकअप UP 78 HT 1680 ने पहले 2 गधों को टक्कर मारकर उनकी मौके पर ही मौत कर दी। इसके बाद चालक ने नियंत्रण खोते हुए सड़क पर बैठे 2 बेसहारा गोवंशों को कुचल दिया जिससे उनकी भी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक बुरी तरह शराब के नशे में था और वाहन को लहराते हुए चला रहा था। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
इस संबंध में विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा के जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति पुत्र जागेश्वर प्रजापति, निवासी आवास विकास बी ब्लॉक बांदा ने कोतवाली में तहरीर देकर मांग की है कि:
- पिकअप संख्या UP 78 HT 1680 एवं चालक के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम व IPC की सुसंगत धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए।
- वाहन को सीज कर चालक को गिरफ्तार कर कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाए।
- जनपद में रात्रि में शराब पीकर वाहन चलाने एवं बेसहारा गोवंशों के संरक्षण हेतु विशेष अभियान चलाया जाए।
महेश कुमार प्रजापति ने कहा कि “अन्ना गोवंश हमारी आस्था और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। शराब के नशे में गाड़ी चलाकर उन्हें कुचल देना न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि हमारी धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। प्रशासन से मांग है कि दोषी पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए गौशालाओं में गोवंशों को रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।”


