एसपी विनीत जायसवाल का रात का औचक निरीक्षण, कर्नलगंज में पुलिस को दिए सतर्कता के निर्देश
1 min readगोंडा।
कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने गुरुवार देर रात्रि थाना कर्नलगंज क्षेत्र का औचक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने रात्रि गश्त और पिकेट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी का जायजा लिया।
एसपी ने संवेदनशील स्थानों, चौराहों और मुख्य मार्गों पर लगाई गई पिकेटों का निरीक्षण किया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात्रि के समय अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए गश्त को और प्रभावी बनाया जाए। हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो। एसपी जायसवाल ने पुलिसकर्मियों को जनता से मधुर व्यवहार करने और त्वरित कार्रवाई के लिए भी कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। देर रात तक अधिकारी फील्ड में सक्रिय दिखे।

