महिला सुरक्षा को लेकर एसपी ने ली महिला बीट अधिकारियों की बैठक,
1 min readधौलपुर, राजस्थान
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने महिला बीट अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में महिला बीट व्यवस्था को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसपी विकास सांगवान ने महिला बीट अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित करने, स्कूलों, कॉलेजों, छात्रावासों, कोचिंग संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला सुरक्षा कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया।बैठक में घरेलू हिंसा, बाल विवाह, दहेज प्रताड़ना, छेड़छाड़ एवं साइबर अपराधों की रोकथाम पर भी चर्चा की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने महिला बीट अधिकारियों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों, स्वयं सहायता समूहों, ग्राम स्तरीय समितियों और शिक्षण संस्थानों के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए।
एसपी विकास सांगवान ने कहा कि महिला बीट अधिकारी पुलिस और आमजन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनकर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करें। बैठक में महिला सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

