जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, घायल पक्ष ने पुलिस पर लगाया लीपापोती का आरोप
1 min readजमीन विवाद में खूनी संघर्ष, घायल पक्ष ने पुलिस पर लगाया लीपापोती का आरोप
जनपद के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के अमरोला गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया।
अकबरपुर अंबेडकरनगर
घटना में कई लोग घायल हो गए घायल पक्ष ने पुलिस पर मामले में लीपापोती करने तथा आरोपितों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।
जहां पर पीड़ित रणधीर पुत्र रामनयन, निवासी अमरोला, के अनुसार उनकी माता के नाम दर्ज भूमि पर गांव के कुछ लोग जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
आरोप है कि रविवार सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच जब उन्होंने इसका विरोध किया तो विपक्षी पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर उन पर हमला कर दिया।
हमले में लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने से रणधीर गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि शोर सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य बचाव के लिए पहुंचे तो हमलावर घर में घुस आए और महिलाओं सहित परिवार के अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की।
आरोप है कि इस दौरान घर में तोड़फोड़ की गई तथा पानी का नल भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर भेजा। हालांकि घायल पक्ष का आरोप है कि गंभीर मारपीट और कथित जानलेवा हमले के बावजूद पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास कर रही है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं और उन पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का भी कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से कुछ पुलिसकर्मियों के एक ही स्थान पर तैनात रहने के कारण निष्पक्ष कार्रवाई को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं।
उनका आरोप है कि स्थानीय स्तर पर बढ़ी नजदीकियां कई मामलों में निष्पक्षता की धारणा को प्रभावित करती हैं।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित पक्ष ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान प्राप्त नहीं हो सका था।

