एसटीएफ पुलिस मुठभेड़ में पशु चोर घायल, साथी गिरफ्तार; चोरी की भैंस बरामद
1 min readसहारनपुर।

जनपद के थाना नांगल पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ के बाद एक पशु चोर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथी को कांबिंग के दौरान दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक जीवित भैंस, एक तमंचा तथा कारतूस बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस टीम दिल्ली-हरिद्वार निर्माणाधीन हाईवे पर ग्राम नैनसोब के जंगल क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग एक भैंस को लेकर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान नासिर पुत्र कय्यूम कुरैशी निवासी ग्राम पाण्डौली, थाना नांगल के रूप में हुई। वहीं उसका साथी नदीम पुत्र महताब तेली निवासी पाण्डौली भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार घायल आरोपी नासिर के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ। वहीं नदीम के कब्जे से एक जीवित भैंस बरामद की गई। पूछताछ में नासिर ने बताया कि बरामद भैंस उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कुछ दिन पूर्व ग्राम रसूलपुर खेड़ी से चोरी की थी। यह भैंस थाना नांगल में दर्ज मुकदमा संख्या 183/26, धारा 305ए बीएनएस से संबंधित है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
