विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने किया पौधारोपण।
1 min readधौलपुर राजस्थान।
एक पौधा प्रकृति के लिए, एक संकल्प लोकतंत्र के लिए।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने किया पौधारोपण।
संयुक्त राष्ट्र संघ के पर्यावरण कार्यक्रम की इस वर्ष की थीम “Inspired by Nature: For Climate: For Our Future” से प्रेरित होकर आज जिला पुलिस अधीक्षक धौलपुर विकास सांगवान द्वारा ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ अभियान के अंतर्गत कार्यालय पुलिस अधीक्षक धौलपुर परिसर में एक छायादार पौधे का रोपण किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का संवर्धन वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। वृक्षारोपण न केवल जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में सहायक है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का भी सशक्त माध्यम है। रोपित पौधे को “लोकतंत्र का पेड़ : 2026” के रूप में चिन्हित किया गया। इसके माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ लोकतंत्र को मजबूत बनाने हेतु नैतिक, निष्पक्ष एवं शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया गया। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि जिस प्रकार एक पौधा समय के साथ विकसित होकर समाज को छाया, स्वच्छ वायु एवं जीवन प्रदान करता है, उसी प्रकार प्रत्येक मतदाता का जागरूक एवं जिम्मेदार मतदान लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। धौलपुर पुलिस द्वारा आयोजित यह पहल पर्यावरण संरक्षण एवं मतदाता जागरूकता के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी संदेश प्रदान करती है तथा समाज को प्रकृति और लोकतंत्र दोनों के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करती है।

