ग्राम पंचायत लुहारी में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने की जनसुनवाई
1 min readधौलपुर राजस्थान।
ग्राम पंचायत लुहारी में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने की जनसुनवाई
आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
धौलपुर,
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने गुरुवार को पंचायत समिति धौलपुर की ग्राम पंचायत लुहारी स्थित अटल सेवा केंद्र में आयोजित त्रिस्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े मुद्दे जिला कलक्टर के समक्ष रखे। जिला कलक्टर ने प्रत्येक परिवाद को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कई मामलों में तत्काल समाधान सुनिश्चित कराया।
जिला कलक्टर ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निराकरण करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास एवं जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा प्रत्येक शिकायतकर्ता को निर्धारित समयावधि में कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने वर्तमान में चल रहे वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अन्तर्गत भू संरक्षण, जल संचयन, जल संरक्षण आदि के बारे में ग्रामीणों को जानकारी प्रदान की।
जनसुनवाई दौरान समस्त ग्रामवासी भगवत गढ़ द्वारा बिजली के तार बदलवाने, पशु चिकित्सालय बनवाने, सेक्शन के प्रस्ताव भिजवाने, समस्त ग्रामवासी लुहारी द्वारा जल जीवन मिशन के अन्तर्गत खोदी गई सड़क को ठेकेदार द्वारा दुरूस्त कराने, भूदेवा द्वारा आरसीसी रोड डलवाने, श्रीमती गुलाब देई द्वारा बीपीएल में नाम जुड़वाने तथा भरत सिंह द्वारा सिंचाई के लिए बिजली कनेक्शन दिलवाने के लिए परिवाद प्रस्तुत किया गया। जिस पर जिला कलक्टर ने तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान परिवादी ऋषि कपूर द्वारा प्राधनमंत्री आवासीय योजना का लाभ दिलवाने के लिए परिवाद प्रस्तुत किया। जिस पर जिला कलक्टर ने विकास अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि परिवादी की समस्या का प्राथमिकता के साथ पीएम आवास स्वीकृत किया जाना सुनिश्चित करें। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी कर्मवीर सिंह, उपनिदेशक महिला बाल विकास भूपेश गर्ग, विकास अधिकारी धौलपुर राजेश लवानियां सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
ब्यूरो विजय शर्मा

