विद्युत दुर्घटनाओं में जान गवाने वाले कर्मियों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
1 min readमिल्कीपुर अयोध्या
जिले के विद्युत विभाग के मिल्कीपुर, कुमारगंज समेत सभी बिजली घरों एवं जिला मुख्यालय स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर सोमवार को एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह श्रद्धांजलि सभा प्रदेश में सेवारत रहते हुए अपनी जान गंवाने वाले आउटसोर्स संविदा विद्युत कर्मचारियों के आकस्मिक निधन के बाद उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आयोजित की गई थी।
आउटसोर्स संविदा कर्मचारी संघ के जोन अध्यक्ष संतोष कुमार ने इस अवसर पर कहा कि पावर कॉर्पोरेशन प्रबंधन ने लगभग 25,000 बिजली आउटसोर्स कर्मचारियों को कार्य से हटा दिया है,कर्मचारियों की इस भारी कमी के कारण शेष आउटसोर्स कर्मचारियों पर कार्य का अत्यधिक भार पड़ रहा है। 11 केवी आउटगोइंग फीडरों पर एक गैंग (जिसमें एक लाइनमैन, एक पेट्रोलमैन/कुशल श्रमिक और दो अकुशल श्रमिक शामिल होते हैं) के स्थान पर केवल एक कर्मचारी को तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा, अकुशल श्रमिकों से एच.टी./एल.टी. लाइनों, ट्रांसफार्मरों और ब्रेकरों पर कार्य कराया जा रहा है, जिससे बड़े पैमाने पर दुर्घटनाओं में आउटसोर्स कर्मचारियों की मृत्यु हो रही है।
संतोष कुमार ने आगे बताया कि इन स्थितियों के कारण एक ओर जहां कर्मचारियों की जान जा रही है, वहीं दूसरी ओर उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है।
इस श्रद्धांजलि सभा में प्रमुख रूप से आउटसोर्स संविदा कर्मचारी संघ के जोन अध्यक्ष संतोष कुमार, जिला संगठन मंत्री रवि मिश्रा, उपाध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा, आलोक मिश्रा, पंकज शर्मा, अशोक यादव, सुनील, अखिलेश कुमार और प्रमोद रवि समेत बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
