April 26, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

गर्मियों से पहले डिस्कॉम अलर्ट, धौलपुर में ट्रांसफॉर्मरों की सर्विसिंग तेज

1 min read
Spread the love

धौलपुर
धौलपुर में गर्मी के मौसम से पहले निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जयपुर डिस्कॉम ने विशेष मेंटेनेंस अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत जिले में ट्रांसफॉर्मरों की व्यापक सर्विसिंग की जा रही है, जिससे गर्मियों में बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो।
डिस्कॉम अधिकारियों के अनुसार अब तक 32 पावर ट्रांसफॉर्मरों में तेल भराई की गई है, जबकि 59 ट्रांसफॉर्मरों में सिलिका जैल बदला गया है। यह कार्य मशीनों की कार्यक्षमता बनाए रखने और संभावित खराबी को रोकने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि पावर ट्रांसफॉर्मर बिजली आपूर्ति की मुख्य कड़ी होते हैं, जो 33 केवी वोल्टेज को 11 केवी में परिवर्तित कर उपभोक्ताओं तक पहुंचाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रायः 3.15 और 5 एमवीए क्षमता के ट्रांसफॉर्मर उपयोग में लिए जाते हैं, जिनका नियमित रख-रखाव बेहद जरूरी है।
सिलिका जैल ट्रांसफॉर्मर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि यह बाहरी हवा के साथ आने वाली नमी को अवशोषित कर ट्रांसफॉर्मर ऑयल को सुरक्षित रखता है। नमी के कारण ट्रांसफॉर्मर में फॉल्ट या जलने का खतरा बढ़ जाता है, जिसे सिलिका जैल नियंत्रित करता है।
वहीं, ट्रांसफॉर्मर ऑयल इन्सुलेशन और कूलिंग का काम करता है। यह उच्च वोल्टेज के बीच शॉर्ट सर्किट को रोकने, मशीन के तापमान को नियंत्रित रखने और आंतरिक स्पार्किंग को कम करने में सहायक होता है, जिससे ट्रांसफॉर्मर की आयु बढ़ती है।
डिस्कॉम का कहना है कि इस तरह के समय रहते किए गए मेंटेनेंस कार्यों से गर्मियों में ट्रांसफॉर्मर फेल होने की संभावना कम होगी और उपभोक्ताओं को बेहतर व लगातार बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *