सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने SDM से की कार्रवाई की मांग
1 min read
सुल्तानपुर

जनपद के सदर तहसील क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत पकड़ी के निवासी रामफूल यादव ने उपजिलाधिकारी (SDM) सदर को प्रार्थना पत्र देकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम पकड़ी स्थित सरकारी भूमि (खसरा संख्या 75) पर राम मिलन यादव पुत्र भगौतीदीन द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा कर लिया गया है। आरोप है कि उक्त भूमि पर पक्का निर्माण भी कराया जा रहा है, जबकि यह भूमि सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा कई बार आपत्ति जताई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अवैध कब्जा हटवाकर सरकारी भूमि को मुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है और जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
