April 20, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

डिस्कॉम का बड़ा एक्शन, विजिलेंस अभियान में 63 बिजली चोरी पकड़ी, 18 लाख का जुर्माना,

1 min read
Spread the love

धौलपुर राजस्थान।
धौलपुर में डिस्कॉम का बड़ा एक्शन: विजिलेंस अभियान में 63 बिजली चोरी पकड़ी, 18 लाख का जुर्माना,

धौलपुर,
बढ़ती गर्मी के साथ बिजली की खपत में हो रहे इजाफे और ट्रिपिंग की समस्या को देखते हुए डिस्कॉम ने जिलेभर में बड़ा विजिलेंस चेकिंग अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए टीमों ने 63 मामलों में बिजली चोरी पकड़ी और करीब 18 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।
डिस्कॉम के अनुसार हाल के दिनों में ट्रिपिंग की बढ़ती घटनाओं के पीछे बिजली चोरी एक बड़ा कारण बनकर सामने आई है, जिससे ईमानदार उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या झेलनी पड़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान शुरू किया गया।

सुबह-सुबह छापेमारी, कई इलाकों में एक साथ कार्रवाई।

शुक्रवार और शनिवार को अल सुबह ही डिस्कॉम की टीमों ने सैपऊ, बसेड़ी, बाड़ी, धौलपुर शहर और सरमथुरा उपखंड सहित कई क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। इस दौरान डिस्कॉम कर्मियों के साथ थाने की पुलिस भी मौजूद रही।
अचानक हुई कार्रवाई से हड़कंप मच गया और कई लोग आनन-फानन में अवैध कनेक्शन हटाने (जंपर उतारने) लगे, लेकिन टीम की सतर्क नजरों से बच नहीं सके।

तकनीकी निगरानी भी शुरू।

धौलपुर डिस्कॉम के एसई विवेक शर्मा ने बताया कि अब तकनीकी सॉफ्टवेयर की मदद से संदिग्ध उपभोक्ताओं की सूची तैयार की जा रही है। ऐसे कनेक्शनों और परिसरों की विशेष जांच होगी।
साथ ही रात के समय भी गश्त बढ़ाई जाएगी और जहां भी बिजली चोरी मिलेगी, तुरंत वीसीआर भरकर कार्रवाई की जाएगी।

बिजली कनेक्शन लेने की अपील।

डिस्कॉम ने स्पष्ट किया है कि जहां भी बिजली तंत्र उपलब्ध है, वहां आवेदन करने पर उपभोक्ताओं को शीघ्र कनेक्शन दिया जाएगा। जिन लोगों के पास वैध कनेक्शन नहीं है, उन्हें तुरंत आवेदन करने की अपील की गई है।

छीजत कम करने का लक्ष्य,

अधिकारियों पर सख्ती
वर्तमान में जिले में बिजली छीजत 22.44% दर्ज की गई है, जिसे घटाकर 15% तक लाने का लक्ष्य रखा गया है। अधिक छीजत को लेकर उच्च अधिकारियों ने नाराजगी जताई है और संबंधित जेईएन व फीडर इंचार्ज के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
इसके अलावा DC/PDC उपभोक्ताओं के परिसरों की भी जांच होगी और बिजली चालू मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान रहेगा जारी।

गर्मी के मौसम में घरेलू लोड बढ़ने और चोरी की संभावनाओं को देखते हुए डिस्कॉम ने साफ किया है कि ईमानदार उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यह विजिलेंस अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
डिस्कॉम की इस सख्त कार्रवाई से बिजली चोरों में हड़कंप है, वहीं आम उपभोक्ताओं को बेहतर और नियमित बिजली मिलने की उम्मीद जगी है।

ब्यूरो विजय शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *