जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय युवा संबल मेले का आयोजन आज
1 min read
धौलपुर,
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा दिए निर्देशानुसार प्रत्येक जिला मुख्यालय पर युवा संबल मेले का आयोजन किया जाना है। जिसके अन्तर्गत स्व-रोजगार, निजी रोजगार और प्रशिक्षुता के अवसरों के समन्वय में राजस्थान सरकार के प्रयासों को एकीकृत और व्यवस्थित किया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि सरकार का यह प्रयास रोजगार दिवस, रोजगार मेला और प्रशिक्षुता मेले को एक साथ लाता है जिसे एमएसएमई एवं रोजगार विभाग द्वारा समन्वित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में जिला मुख्यालय पर 21 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक मेला ग्राउंड नगर परिषद मचकुण्ड रोड धौलपुर में युवा संबल मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेले में धौलपुर, नीमराणा, भिवाड़ी, कोटा, टपुकड़ा, खुशखेड़ा, शाहजहॉपुर, अलवर, गुड़गॉव, नोएडा, चेन्नई आदि जगहों से लगभग 25 कंपनियों लार्सेन एण्ड टर्बो, जी4एस सिक्योर सोल्यूशन, पुखराज हेल्थ केयर, आमधाने प्रा. लि., गुडविल इण्डिया आदि के प्रतिनिधियों द्वारा अलग-अलग सेक्टर के लिए लगभग 1500 रिक्तियों पर मेले में आने वाले पात्र बेरोजगार आशार्थियों का संस्थान के नियमानुसार चयन कर रोजगार प्रदान करने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेले में आने वाले बेरोजगार आशार्थी एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर जिला प्रशासन एवं रोजगार कार्यालय सभी बेरोजगार आशार्थियों को पात्रता के आधार पर रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए तत्पर है। बेरोजगार आशार्थी अपना पंजीयन क्यूआर कोड के माध्यम से भी कर सकते है।
ब्यूरो विजय शर्मा

