पुरुषोत्तम पब्लिक स्कूल सिंघनी में धूमधाम से मनाया गया वार्षिकोत्सव कार्यक्रम
1 min read
बल्दीराय सुल्तानपुर

जनपद के बल्दीराय क्षेत्र स्थित पुरुषोत्तम पब्लिक स्कूल सिंघनी में विद्यालय का भव्य वार्षिकोत्सव कार्यक्रम बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्याम सिंह द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्वलित करके किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, नाटक और अन्य आकर्षक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। छात्रों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर अभिभावकों और अतिथियों ने जोरदार तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि श्याम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम होते हैं। उन्होंने छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ संस्कार और अनुशासन को अपनाने की भी प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में पढ़ाई, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधक गोविंद सिंह के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का सफल आयोजन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के स्टाफ संतोष सिंह, जगदीश यादव, रूपाली, नीशा, सतीश, ओमकार, विनीत सिंह सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक व क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
