वैवाहिक समारोह में भारत का संविधान भेंट कर दिया जागरूकता का संदेश
1 min readसुल्तानपुर
ब्लॉक दूबेपुर क्षेत्र में आयोजित एक वैवाहिक समारोह में सामाजिक जागरूकता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। प्रभारी प्रधानाध्यापक हरीलाल गुप्ता की पुत्री अमिता गुप्ता के वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान नवदंपति को उपहार स्वरूप भारत का संविधान भेंट किया गया।
शिक्षक पंकज तिवारी ने कहा कि संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को अधिकार और कर्तव्य दोनों की सीख देता है। विवाह जैसे शुभ अवसर पर संविधान भेंट करना समाज में जागरूकता और जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रेरक संदेश है। शिक्षक सुनील कुमार यादव ने कहा कि यदि ऐसे आयोजनों में भारत का संविधान भेंट करने की परंपरा विकसित हो जाए तो नई पीढ़ी में संवैधानिक मूल्यों, समानता, न्याय और भाईचारे की भावना और अधिक मजबूत होगी।
सहाई एस पी सेवा संस्थान के सहयोगी बब्बन वर्मा ने कहा कि भारत का संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। विवाह जैसे पावन अवसरों पर संविधान भेंट करने की यह पहल समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करती है।
इस अवसर पर जग ध्यान यादव, मो. नफीस, महेंद्र कुमार, विवेकानंद दूबे, अनुराग गुप्ता, राम अवध गुप्ता, त्रिवेणी गुप्ता और सगे संबंधी परिवारीजन आदि उपस्थित रहे। सभी ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

