युवक का कथित अपहरण कर जंगल में मारपीट, दो नामजद समेत कई पर मुकदमा
1 min read
अयोध्या
अयोध्या जिले के हैदरगंज थाना क्षेत्र में एक युवक को जबरन कार में बैठाकर अगवा करने और जंगल में ले जाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम इमिलिया निवासी सुनील कुमार पांडेय ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 7 मार्च को वह मलावन से दवा लेने के लिए अयोध्या जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मेयन्दीपुर गांव के पास उन्हें रोक लिया गया। पीड़ित का आरोप है कि मलावन निवासी रोहित दुबे और राहुल दुबे अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे और बिना किसी वजह के उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
सुनील का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें जबरदस्ती कार में बैठा लिया और वहां से मेयन्दीपुर से मैहर कबीरपुर की तरफ स्थित जंगल में ले गए। जंगल में ले जाकर एक बार फिर उनके साथ मारपीट की गई और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों का रवैया काफी आक्रामक था और वे लगातार धमकी भी दे रहे थे।
इसके बाद आरोपी युवक को कार में बैठाकर केलालाल खां चौराहे की ओर ले जा रहे थे। रास्ते में जब चौराहे के पास लोगों की भीड़ दिखाई दी तो सुनील ने मौके का फायदा उठाया और शोर मचाते हुए चलती कार से कूद पड़े। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, जिससे घबराकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को थाने ले जाकर उससे पूरी जानकारी ली। वहीं आरोपी पक्ष की ओर से यह कहा जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही आपसी विवाद चल रहा था और उन पर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
हैदरगंज थाना प्रभारी विवेक राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

