March 6, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

आंगनबाड़ी विवाद में बढ़ा तनाव दलित महिला का चेतावनी भरा वीडियो वायरल, बोलीं आसियाना उजड़ा तो सपरिवार दे देंगे जान

1 min read
Spread the love

मिल्कीपुर अयोध्या


कुमारगंज थाना क्षेत्र के सुमेरपुर गांव में प्रस्तावित आंगनबाड़ी केंद्र को लेकर चल रहा विवाद अब और गहराता जा रहा है। इसी बीच एक पीड़ित दलित महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में मामला चर्चा का विषय बन गया है।
वायरल वीडियो में सुमेरपुर गांव की निवासी मंजू पासी नामक दलित महिला एक न्यूज चैनल को बयान देते हुए रोते-बिलखते नजर आ रही हैं। महिला का आरोप है कि जिस जमीन पर आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाने की बात कही जा रही है, उस जमीन पर करीब 50 से 60 दलित परिवार पिछले कई वर्षों से रह रहे हैं और उनके मकान बने हुए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि लगभग 15 बीघे क्षेत्रफल में फैली इस भूमि पर दलित बस्ती का कब्जा करीब 50 वर्षों से चला आ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ग्राम प्रधान आदर्श श्रीवास्तव इस जमीन पर निर्माण कराने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे दलित परिवारों में भय और आक्रोश का माहौल है।
वायरल वीडियो में मंजू पासी ने भावुक होकर कहा कि यदि उनके परिवार सहित दलित बस्ती को उजाड़ा गया या इस जमीन पर जबरन निर्माण कराया गया तो वह अपने पूरे परिवार के साथ जहर खाकर जान दे देंगी। महिला ने इसके लिए पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ और ग्राम प्रधान आदर्श श्रीवास्तव को जिम्मेदार ठहराया है।
महिला के इस बयान का वीडियो फेसबुक पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद दलित समाज में नाराजगी और चिंता का माहौल देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस मामले का समाधान नहीं किया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
वहीं इस मामले में जब मिल्कीपुर विधायक चंद्रभान पासवान से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो को उन्होंने देखा और सुना है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और पूरी स्थिति की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल आंगनबाड़ी केंद्र को लेकर सुमेरपुर गांव में चल रहा विवाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। दिनेश कुमार

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *