टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलटी बोलेरो, तीन की मौत गांव में हुआ अंतिम संस्कार
1 min read
अयोध्या।

थाना कोतवाली इनायतनगर क्षेत्र की चौकी हैरिंग्टनगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत देवगिरी पूरे राजकुमार का पुरवा में शनिवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। गांव निवासी शांति (65) पत्नी बलिराम, इंद्रपती (68) पत्नी रामप्रसाद तथा बाबूराम (70) पुत्र बच्चऊ बोलेरो वाहन से लखनऊ से राधा स्वामी सत्संग सुनकर अपने घर वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि दोपहर लगभग 2 बजे रास्ते में अचानक बोलेरो का पिछला टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे के समय बोलेरो में कुल 11 लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि शांति, इंद्रपती और बाबूराम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अन्य आठ लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से घायलों के समुचित उपचार और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। दिनेश कुमार
