February 28, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

स्वतंत्र तालीम संस्था द्वारा कंपोजिट जूनियर हाई स्कूल सरैया, सरोजिनी नगर, लखनऊ में “आशाएं वार्षिक उत्सव” का आयोजन

1 min read
Spread the love


लखनऊ, सरोजिनी नगर।

स्वतंत्र तालीम संस्था की ओर से कंपोजिट जूनियर हाई स्कूल सरैया, बिजनौर, सरोजिनी नगर, लखनऊ में “आशाएं वार्षिक उत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। संस्था द्वारा वर्ष भर बच्चों को विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों जैसे कहानी लेखन, कविता लेखन, पठन-पाठन तथा कठपुतलियों के माध्यम से नाट्य रूपांतरण से जोड़ा जाता है। साथ ही बच्चों को बेकार एवं वेस्ट मटेरियल से उपयोगी सामग्री बनाने का प्रशिक्षण भी दिया जाता है, जिसकी प्रदर्शनी वर्ष के अंत में “आशाएं वार्षिक उत्सव” के रूप में आयोजित की जाती है।
उत्सव के दौरान बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में चित्रकला एवं शिल्प प्रदर्शनी, कविता पाठ, नाट्य प्रस्तुति तथा वर्ष भर की सीख, सोच और समाधान से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान के छोटे-छोटे प्रयोग भी प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण रहे। अभिभावकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों के कार्यों की सराहना की और उनके प्रयासों की प्रशंसा की।
विद्यालय की शिक्षिका सुमन दुबे ने बताया कि बच्चों की कल्पनाशक्ति को विकसित करने के लिए समय-समय पर उन्हें चित्र दिखाकर कहानी लिखने और रचनात्मक कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाता है। स्वतंत्र तालीम संस्था बच्चों की रचनाओं, कविताओं और चित्रों को पुस्तक के रूप में प्रकाशित कर विद्यालय की पुस्तकालय में भी उपलब्ध कराती है, जिससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है।
सर्वजन हिताय संरक्षण समिति की महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष रीना त्रिपाठी ने बताया कि संस्था गांवों और दूरदराज के बेसिक विद्यालयों में बच्चों को विद्यालय परिसर में उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग करना सिखाती है। बच्चे खेल-खेल में उपयोगी खिलौने एवं अन्य सामग्री तैयार करते हैं, जो उनके रचनात्मक विकास में सहायक सिद्ध होती हैं। यह पहल बच्चों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार से सुमन दुबे, शीला चौधरी एवं अंजू यादव उपस्थित रहे। वहीं स्वतंत्र तालीम संस्था के सदस्य राहुल, रिद्धि, कबीर, श्रीजा, अक्षिता, सूफिया, जूली, कुलदीप, अंजलि, चंदन, विजय, सचिन एवं पिंटू ने बच्चों के साथ मिलकर उन्हें नवाचार एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा। इस अवसर पर अभिभावकों ने भी बच्चों की प्रतिभा को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और संस्था के प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *