February 16, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

अतिवृष्टि तथा बाढ़ प्रभावितों को पहुंचाएं त्वरित राहत,पूरी पारदर्शिता के साथ समय पर करें फसल खराबे की गिरदावरी :- जिला प्रभारी मंत्री

1 min read
Spread the love

धौलपुर राजस्थान।

अतिवृष्टि तथा बाढ़ प्रभावितों को पहुंचाएं त्वरित राहत,
पूरी पारदर्शिता के साथ समय पर करें फसल खराबे की गिरदावरी – जिला प्रभारी मंत्री
जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित
धौलपुर, 6 सितंबर। राज्य मंत्री गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग व जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने शनिवार को धौलपुर जिले में अतिवृष्टि से उपजे हालातों और प्रभावित क्षेत्रों में चलाए जा रहे राहत कार्यों की गहन समीक्षा की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावितों तक राहत पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में प्रभारी मंत्री बेढ़म ने जिले में अब तक हुई मानसूनी वर्षा के आंकड़ों, अतिवृष्टि के कारण हुए विभिन्न प्रकार के नुकसान, और आपदा के दौरान अपनी जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को दी जाने वाली सहायता की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से आकाशीय बिजली गिरने तथा पानी में डूबने से हुई मौतों पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को तत्काल मुआवजा स्वीकृत करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिला प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि राहत का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे।
प्रभारी मंत्री बेढम ने बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए सरकारी भवनों, विशेषकर स्कूलों, अस्पतालों और आंगनबाड़ी केन्द्रों की मरम्मत के प्रस्तावों पर भी चर्चा की। उन्होंने एसडीआरएफ के नियमों के तहत विभिन्न विभागों से प्राप्त मरम्मत प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन भवनों की मरम्मत का कार्य शीघ्रता से सुनिश्चित किया जाएं, ताकि आमजन से जुड़ी आवश्यक सेवाएं बाधित न हों।
किसानों की पीड़ा को समझते हुए, प्रभारी मंत्री ने बैठक का मुख्य फोकस फसल खराबे पर रखा। उन्होंने कृषि विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार खराब हुई फसलों की गिरदावरी का कार्य अविलंब पूरा करवाया जाएं। उन्होंने कहा, किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। इस आपदा की घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। यह सुनिश्चित करें कि गिरदावरी पूरी पारदर्शिता के साथ और समय पर हों, ताकि किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा और फसल बीमा का लाभ दिलाया जा सकें।
बैठक में जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी ने प्रभारी मंत्री को जिले की समग्र स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा वर्षा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य युद्ध स्तर पर चलाए जा रहे हैं। प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी आश्रय स्थल, भोजन, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई हैं। उन्होंने एसडीआरएफ के तहत प्राप्त विभिन्न प्रस्तावों और उन पर की जा रही कार्यवाही का भी विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस पर प्रभारी मंत्री ने कहा के वर्षा से प्रभावित लोगों के लिए प्रशासन की व्यवस्था माकूल रही है। उन्होंने कहा कि चंबल किनारे बसे लोगों जो बाढ़ के पानी से प्रभावित होते हैं उन गांवों के प्रभावित लोगों के लिए ऊंचे स्थान पर रहवास के लिए शिविर लगाकर लगाकर आवासीय पट्टों का वितरण किया जाए।
प्रभारी मंत्री बेढम ने शहर चलो व गांव चलो अभियान पर चर्चा करते हुए कहा कि अभियान के तहत शिविरों में नए नवाचार करें। शिविरों के सार्थकता तभी सिद्ध हो सकती है जब आमजन की समस्याओं का समाधान हो। इसके लिए पंचायतों में निरंतर प्रचार प्रसार करें।
उन्होंने पांच गौरव अभियान पर चर्चा करते हुए कहा कि जिले के किसानों के लिए किसान सेवा केंद्र एवं अन्य स्थानों पर गोष्ठी आयोजित कर आलू की प्रोसेसिंग के बारे में अधिक से अधिक जानकारी प्रदान करें।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राजाखेड़ा बाईपास से शहर में जो भी सर्विस रोड खराब है उनको तुरंत प्रभाव से सही कर आमजन को लाभ पहुंचाएं। इसी प्रकार पीडी दौसा को निर्देश देते हुए कहा कि गांव खानपुरा के पास उर्मिला सागर के पास सड़क को तुरंत प्रभाव से दुरुस्त कर यातायात को सुचारू किया जाना सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान विधायक बाड़ी जसवंत सिंह गुर्जर, जिला प्रभारी सचिव पी रमेश, पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन सोमनाथ, उपखंड अधिकारी साधना शर्मा सहित विभागीय अधिकारी और जन प्रतिनिधि मौजूद रहे।

ब्यूरो विजय शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *