महर्षि वाल्मीकि जयंती पर बच्चों ने उकेरे रामायण के सुंदर चित्र, रामचरितमानस पाठ में लिया भाग
1 min read
टप्पल, अलीगढ़।
महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को कंपोजिट विद्यालय जहाँनगढ़ के विद्यार्थियों ने शिव मंदिर जहाँनगढ़ के प्रांगण में धार्मिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान रामायण और महर्षि वाल्मीकि के जीवन पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही बच्चों ने रामचरितमानस का पाठ श्रद्धापूर्वक सुना और रामायण की चौपाइयों के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को करीब से जाना।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम, रामायण के विभिन्न प्रसंगों तथा महर्षि वाल्मीकि से संबंधित विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए। बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा और सुंदर चित्रों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। रामचरितमानस का पाठ सुनते समय भी बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। धार्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों से परिचित कराया।
कार्यक्रम में कथावाचक श्री वेदांती छिद्दी शर्मा, सुंदरलाल शर्मा, सीताराम शर्मा, खूबन भगत जी, भवि राम शर्मा सहित गांव की महिलाएं एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक श्री श्रीनिवास शर्मा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर मंदिर के महंत बाबा जी ने बच्चों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना विकसित करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा। आयोजन से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति और महर्षि वाल्मीकि के प्रति सम्मान की भावना मजबूत हुई।

