October 25, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

पूर्व डीएम रामबहादुर 26 अक्टूबर को थामेंगे सपा का दामन, लखनऊ में लेंगे सदस्यता

1 min read
Spread the love

गोंडा के पूर्व डीएम रामबहादुर 26 अक्टूबर को थामेंगे सपा का दामन, लखनऊ में लेंगे सदस्यता

मायावती के करीबी रहे, बसपा-भाजपा के बाद अब सपा में एंट्री, पीडीए समीकरण को मिलेगी मजबूती, अखिलेश यादव के मौजूद रहने के कयास

गोंडा। गोंडा के पूर्व जिलाधिकारी रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राम बहादुर अब समाजवादी पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। वह 26 अक्टूबर 2026, सोमवार को सुबह 10 बजे लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय, विक्रमादित्य मार्ग, बंदरिया बाग में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। राम बहादुर ने स्वयं इसकी जानकारी साझा करते हुए अपने समर्थकों से अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचने की अपील की है। उन्होंने अपने संदेश में “पीडीए एकता जिंदाबाद” का नारा दिया है।

राजनीतिक सफर: बसपा से भाजपा होते हुए अब सपा तक

राम बहादुर को बसपा सुप्रीमो मायावती का करीबी माना जाता रहा है। प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद वह बसपा में शामिल हुए थे और 2017 में मोहनलालगंज विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे, जिसमें उन्हें बेहद कम अंतर से हार मिली थी। इसके बाद जनवरी 2022 में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले वह भाजपा में शामिल हो गए थे। अब वह सपा का दामन थामने जा रहे हैं।

प्रशासनिक अनुभव और पीडीए में अहमियत

राम बहादुर उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी रहे हैं। वह गोंडा के डीएम, लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और ग्रामीण विकास विभाग में सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। दलित पृष्ठभूमि से आने वाले और पासी समुदाय में मजबूत पकड़ रखने वाले राम बहादुर का सपा में आना पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
26 अक्टूबर को होने वाले सदस्यता कार्यक्रम में सपा के कई बड़े नेताओं के मौजूद रहने की चर्चा है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भी कार्यक्रम में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *