डीआईजी दरबार में गूंजा कटरा बाजार का मामला, प्रधान की कार्यशैली पर फूटा डीआईजी का गुस्सा
1 min readडीआईजी दरबार में गूंजा कटरा बाजार का मामला, प्रधान की कार्यशैली पर फूटा डीआईजी का गुस्सा
गोंडा। देवीपाटन परिक्षेत्र के डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला के जनता दरबार में गुरूवार को कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र का मामला पहुंचा तो डीआईजी का पारा चढ़ गया। गरीब महिला की शिकायत पर उन्होंने मौके से ही फोन घुमाया और प्रधान की कार्यशैली को नालायक तक कह दिया।
आवास के लिए दर-दर भटक रही थी महिला
बताया जाता है कि कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली गरीब महिला अपने परिजन के साथ डीआईजी कार्यालय पहुंची थी। महिला ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में उसका नाम है, बावजूद इसके ग्राम प्रधान द्वारा उसे आवास नहीं दिया जा रहा है। वह महीनों से प्रधान और सचिव के चक्कर लगा रही है।
डीआईजी ने तुरंत फोन पर संबंधित अधिकारी को लगाई फटकार
महिला की पीड़ा सुनते ही डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला गंभीर हो गए। उन्होंने तुरंत फोन पर संबंधित अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा, “इसको आप देखिए, यह गलत बात है। प्रधान नालायक है। अगर वह चाहेगा तो इसे इंदिरा आवास मिल जाएगा। इसका तत्काल निदान कराइए, एसडीएम साहब से बात कर इसकी रिपोर्ट मुझे दीजिए।” डीआईजी के इस सख्त रुख के बाद कार्यालय में मौजूद फरियादियों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। पीड़ित महिला ने भी डीआईजी को धन्यवाद दिया।
क्षेत्र में चर्चा का माहौल, हो रही सराहना
डीआईजी के इस मानवीय और सख्त फैसले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कटरा बाजार क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि सभी अधिकारी इसी तरह गरीबों की सुनवाई करें तो भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिलेगा।

