ग्राम पंचायत विकास योजना को लेकर पंचायत सचिवों व सहायकों का विशेष प्रशिक्षण
1 min readमिल्कीपुर, अयोध्या।
ग्राम पंचायतों के समग्र विकास और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देने के उद्देश्य से शनिवार को मिल्कीपुर विकासखंड मुख्यालय पर पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों का एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय ग्राम स्वरोजगार अभियान के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी हरिश्चंद्र सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों की योजनाएं तभी सफल होंगी, जब उनका निर्माण स्थानीय आवश्यकताओं और ग्राम सभा की सहभागिता के आधार पर किया जाएगा। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सुरेंद्र कुमार राव ने प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आवश्यक प्रशिक्षण सामग्री वितरित करते हुए योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर बल दिया।
प्रशिक्षक देवेंद्र मिश्रा, अरविंद कुमार पाठक और रमाशंकर सिंह ने प्रतिभागियों को 16वें वित्त आयोग की अनुशंसाओं, ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया, ग्राम सभा की भूमिका, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा विकास कार्यों की पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण में विकासखंड के आठ पंचायत सचिवों और 30 पंचायत सहायकों ने सक्रिय भागीदारी की। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान योजनाओं के संचालन से जुड़ी व्यावहारिक जानकारियां प्राप्त कीं तथा ग्रामीण विकास कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विशेषज्ञों से संवाद भी किया। अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि इस प्रशिक्षण से पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के संचालन में गुणवत्ता और पारदर्शिता दोनों को नई मजबूती मिलेगी।

