सुरत में चार दिन से लापता युवक का शव खाड़ी में मिला परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
1 min readसूरत की खाड़ी में मिला गोंडा के युवक का शव, परिजनों में कोहराम
चार दिन से थे लापता, टेक्सटाइल मार्केट में करते थे काम
गोण्डा।

सूरत में काम करने गए जनपद गोण्डा के एक युवक का शव खाड़ी से बरामद होने से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक पिछले 4 दिनों से लापता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक करनैलगंज तहसील व थाना क्षेत्र के ग्राम बटौरा लोहांगी निवासी रमेश तिवारी सूरत के पटेल नगर, मंदिर के पास गली नंबर 3, मकान नंबर 103, रूम नंबर 2 में रहकर टेक्सटाइल मार्केट में नौकरी करते थे। परिजनों ने बताया कि रमेश सोमवार को घर से निकले थे और अपना मोबाइल फोन भी कमरे पर ही छोड़ गए थे। इसके बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। रमेश के लापता होने की परिजनों ने सूरत के गोदादरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। गांव के कई युवक भी उसकी तलाश में जुटे थे। इसी बीच बुधवार को गोदादरा थाना पुलिस को सूरत की एक खाड़ी में एक युवक का शव तैरता मिला। शिनाख्त के दौरान मृतक की पहचान रमेश तिवारी के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए। अब परिवार के लोग और गांव के कुछ युवक सूरत के लिए रवाना हो गए हैं। पोस्टमार्टम और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को एंबुलेंस से गोंडा लाया जाएगा। प्रशासन से भी शव को घर तक पहुंचाने में मदद की मांग की गई है। गोदादरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
गांव में मातम
इस घटना से बटौरा लोहांगी गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
