जमीनी विवाद में बुजुर्ग की पीट-पीट कर हत्या मुकदमा दर्ज
1 min readजमीनी रंजिश बनी खूनी संघर्ष की वजह, बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या; 8 नामजद, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
हैदरगंज, अयोध्या।

थाना हैदरगंज क्षेत्र के कुंआड़ाड़ गांव में लंबे समय से चल रहा जमीनी विवाद बुधवार रात हिंसक संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद में 62 वर्षीय चैतूराम निषाद की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव फैल गया और एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रामअनुज निषाद और राजकुमार निषाद के बीच वर्षों से भूमि को लेकर विवाद चला आ रहा था। आरोप है कि सोमवार को दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी। इसके बाद लुधियाना से घर लौटे रामअनुज के आने के बाद बुधवार रात विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला हुआ। बीच-बचाव करने पहुंचे चैतूराम निषाद हमले का शिकार हो गए और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार के कई अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने 112 पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि हमले के समय पुलिस प्रभावी हस्तक्षेप नहीं कर सकी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार, क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के विरोध के चलते देर रात तक शव नहीं उठाया जा सका। समझाइश के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने मृतक के पुत्र बालगोविंद की तहरीर पर रामअनुज, मानिकराम, बाबूराम, हरेंद्र, श्यामलाल, रामू, रामकेश और जगन्नाथ सहित आठ नामजद आरोपियों के विरुद्ध हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।
