नए एसडीएम बने कुमार सत्यम जीत और मनकापुर में उदित पवार की तैनाती, राजस्वकर्मियों ने किया स्वागत
1 min readकर्नलगंज के नए एसडीएम बने कुमार सत्यम जीत और मनकापुर में उदित पवार की तैनाती, राजस्वकर्मियों ने किया स्वागत
गोण्डा। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए और जनहित को देखते हुए दो नवागंतुक उपजिलाधिकारियों की तैनाती की गई है। कुमार सत्यम जीत को कर्नलगंज तथा उदित पंवार को मनकापुर का उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नियुक्त किया गया है।
डीएम ने दिए बाढ़ तैयारियों के निर्देश, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की चेतावनी
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने पीसीएस अधिकारी कुमार सत्यम जीत को कर्नलगंज का नया एसडीएम नियुक्त किया है। कार्यभार संभालते ही उन्हें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की तैयारियों की समीक्षा, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और तहसील प्रशासन को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने नए एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के अधिकारियों, कर्मचारियों और लेखपालों के साथ तत्काल बैठक कर तैयारियों की समीक्षा करें। साथ ही, आगामी दिनों में संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों का लगातार निरीक्षण कर किसी भी समस्या का समय रहते समाधान सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि कर्नलगंज तहसील के कई गांव हर वर्ष बाढ़ की चपेट में आते हैं। ऐसे में ग्रामीणों को पहले से जागरूक किया जाए और बाढ़ चौकियों की सक्रियता के साथ राहत एवं बचाव संबंधी व्यवस्थाओं का भी नियमित जायजा लिया जाए।
इटावा में कार्रवाई के लिए रहे चर्चित
कुमार सत्यम जीत तेजतर्रार पीसीएस अधिकारियों में से माने जाते हैं। बताया जाता है कि इटावा में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अवैध अतिक्रमण और भ्रष्टाचार के मामलों में कई बड़ी कार्रवाई कर सुर्खियां बटोरी थीं।
फरियादियों की समस्याओं का होगा प्राथमिकता से समाधान
कार्यभार ग्रहण करने के बाद कुमार सत्यम जीत ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना, आम जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान करना और लंबित राजस्व एवं प्रशासनिक मामलों का गंभीरता से निस्तारण करना होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तहसील प्रशासन में भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी और किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कर्नलगंज में हुआ स्वागत
पदभार ग्रहण करने के बाद कुमार सत्यम जीत का कर्नलगंज तहसील में राजस्व टीम द्वारा स्वागत किया गया। इस दौरान राजस्व निरीक्षक राम बहादुर पाण्डेय और सदर लेखपाल विकास सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने फूल-माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। नए एसडीएम के आने से क्षेत्रवासियों और अधिवक्ताओं में खुशी का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि उनके कार्यकाल में राजस्व संबंधी कार्यों में तेजी आएगी और जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण होगा।

