July 20, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध हालत में मौत, बेटी ने लगाया हत्या का आरोप

1 min read
Spread the love

कर्नलगंज गोंडा

अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध हालत में मौत, बेटी ने लगाया हत्या का आरोप

कफन-पोस्टमार्टम के लिए गांव वालों ने जुटाया चंदा

घर से बुलाकर पीटा, सड़क हादसा बताया, 9 दिन बाद अस्पताल में दम तोड़ा, परिवार बेसहारा

कर्नलगंज,गोण्डा।

कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के ग्राम बरबटपुर में एक 45 वर्षीय ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इलाज के अभाव में तड़प-तड़प कर दम तोड़ने वाले पुत्तन के कफन और पोस्टमार्टम तक की व्यवस्था गांव वालों ने चंदा इकट्ठा करके की। मृतक की बेटी ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

“घर से बुलाकर ले गए, फिर की मारपीट”

मृतक की बेटी का आरोप है कि 9 दिन पहले शाम करीब 7 बजे गांव निवासी ओमप्रकाश उनके घर आया और पिता पुत्तन को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि वहां शराब पिलाकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। बेटी के अनुसार मारपीट के बाद पूरी घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई। उसी रात करीब 12 बजे फोन पर सूचना मिली कि पुत्तन सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। अगले दिन जानकारी करने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बाद में पता चला कि पुत्तन को गोंडा जिला अस्पताल में लावारिस हालत में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन वहां से वापस भेज दिया गया।

गांव वालों की दरियादिली, फिर भी नहीं बची जान

आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार के पास इलाज के लिए पैसे नहीं थे। ऐसे में गांव के लोगों ने मानवता दिखाते हुए चंदा इकट्ठा किया। चंदे की राशि से 5 दिन पहले पुत्तन को गोंडा के आर.एन. पांडे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रबंधन ने भी परिवार की स्थिति को देखते हुए करीब 25 हजार रुपये का बिल माफ कर दिया। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद रविवार शाम करीब 6 बजे पुत्तन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप

मृतक के भाई पवन कुमार ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते उनके भाई को घर से बुलाकर पीटा गया और बाद में मामले को दबाने के लिए सड़क दुर्घटना दिखाने की कोशिश की गई। पवन ने बताया कि मृतक अपने पीछे पत्नी, 3 वर्षीय बेटे और 5 बेटियों को छोड़ गया है। अब परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। परिवार का कहना है कि 14 जुलाई को ही इस संबंध में एसपी गोंडा से शिकायत की गई थी।
कर्नलगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। तहरीर के आधार पर सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

महादेव मौर्या

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *