सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक व भ्रामक पोस्ट करने वालों पर धौलपुर पुलिस की पैनी नजर, 20 जुलाई से विशेष अभियान शुरू
1 min readसोशल मीडिया पर आपत्तिजनक व भ्रामक पोस्ट करने वालों पर धौलपुर पुलिस की पैनी नजर, 20 जुलाई से विशेष अभियान शुरू,
धौलपुर, राजस्थान
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ धौलपुर पुलिस 20 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाएगी। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडीएफ) बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में यह अभियान जिलेभर में संचालित किया जाएगा।
अभियान के दौरान धौलपुर पुलिस की सोशल मीडिया सेल और थाना पुलिस की टीमें फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर), व्हाट्सएप सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखेंगी। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने, अफवाह फैलाने, सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, किसी व्यक्ति की छवि धूमिल करने या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट एवं शेयर करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा हथियारों के साथ फोटो, वीडियो या रील पोस्ट कर अपराध का महिमामंडन करने, आमजन में भय का माहौल बनाने अथवा युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित करने वाले व्यक्तियों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी और ऐसे मामलों में भी कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने आमजन, विशेषकर युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी एवं सावधानी के साथ उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या कानून-विरोधी सामग्री को साझा न करें। यदि ऐसी कोई पोस्ट, वीडियो या स्टोरी दिखाई दे तो उसकी सूचना धौलपुर पुलिस सोशल मीडिया सेल के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 87645 11201 अथवा धौलपुर पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर डायरेक्ट मैसेज के माध्यम से दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

