July 19, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ बब्लू भैया की मनाई आठवीं पुण्यतिथि, समाधि स्थल पर दी श्रद्धांजलि

1 min read
Spread the love

परसपुर गोंडा

नगर पंचायत परसपुर के राजा टोला निवासी, पूर्व प्रधान एवं ब्लॉक के पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख रहे स्वर्गीय धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ बब्लू भैया की आठवीं पुण्यतिथि शनिवार को श्रद्धा, सम्मान और भावनाओं के साथ मनाई गई। उनके पुत्र प्रशांत सिंह सोमू सहित परिजनों, सगे-संबंधियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने समाधि स्थल पर पहुंचकर पुष्प अर्पित किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने नम आंखों से बब्लू भैया को याद करते हुए कहा कि वे सहज, सरल, मिलनसार और जनसेवा के प्रति पूर्ण समर्पित व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपने व्यवहार, कार्यशैली और सामाजिक सरोकारों के बल पर परसपुर क्षेत्र के लोगों के दिलों में ऐसी अमिट पहचान बनाई, जो आज उनके निधन के आठ वर्ष बाद भी लोगों के दिलों में जीवित है। लोगों ने कहा कि बब्लू भैया ने अपने जीवन में हमेशा समाज और क्षेत्र के लोगों को प्राथमिकता दी तथा हर सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े रहे। यही कारण है कि उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्य, लोगों के प्रति अपनापन और सेवा का भाव आज भी क्षेत्रवासियों की स्मृतियों में ताजा है। गौरतलब है कि 18 जुलाई 2018 को उनके आकस्मिक निधन की खबर से पूरे परसपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। सामाजिक कार्यों में सदैव अग्रणी रहने वाले बब्लू भैया ने कम उम्र में ही राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने वर्ष 1995 से 2000 के बीच भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। इसके बाद राजा टोला वार्ड से क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्वाचित होकर परसपुर ब्लॉक के ज्येष्ठ उप प्रमुख बने तथा वर्ष 2010 से 2015 के बीच हुए उपचुनाव में ग्राम प्रधान का दायित्व भी निभाया। वर्ष 2017 में नवसृजित नगर पंचायत परसपुर के अध्यक्ष पद के चुनाव में उन्होंने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की थी। परसपुर क्षेत्र के लोकप्रिय समाजसेवी एवं युवाओं के बीच विशेष पहचान रखने वाले बब्लू भैया का जन्म 27 अगस्त 1972 को राजा टोला निवासी स्वर्गीय सुरेंद्र बहादुर सिंह के परिवार में हुआ था। वे अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उन्होंने तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज परसपुर से इंटरमीडिएट तथा अवध विश्वविद्यालय, फैजाबाद से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की थी। आठवीं पुण्यतिथि पर मौजूद लोगों ने उनके व्यक्तित्व, संघर्ष, सादगी और जनसेवा के कार्यों को याद करते हुए कहा कि उनका सरल स्वभाव, मिलनसार व्यवहार और समाज के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। उपस्थित लोगों ने कहा कि बब्लू भैया भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी सादगी, जनसेवा, अपनापन और लोगों के प्रति समर्पण हमेशा क्षेत्रवासियों के दिलों में जीवित रहेगा। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने उनके आदर्शों एवं सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हुए उन्हें अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में प्रमुख रूप से प्रशांत सिंह सोमू, सूरज सिंह, राहुल सिंह, नीरज सिंह, जितेंद्र सैनी (सैनी फोटो स्टूडियो) एवं राजन कुशवाहा शामिल रहे, जिन्होंने समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर बब्लू भैया को भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उन्हें विनम्र नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *