प्रेमी ड्राइवर के साथ मिलकर पति की हत्या का आरोप, पत्नी समेत दो गिरफ्तार
1 min readमेरठ में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, स्कूल संचालिका पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी ड्राइवर के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि पहले पति को खाने में नींद की गोलियां दी गईं, फिर जहरीले सांप से डसवाकर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक, घटना को सर्पदंश से हुई सामान्य मौत दिखाने का प्रयास किया गया। हालांकि, पोस्टमार्टम की बात आने पर पत्नी के विरोध करने से पुलिस को संदेह हुआ। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पत्नी दामिनी और उसके कथित प्रेमी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, बहसूमा थाना क्षेत्र के भंडोरा गांव निवासी 32 वर्षीय अतुल कुमार पिछले चार माह से अपनी पत्नी दामिनी और छह वर्षीय बेटे मानिक के साथ हस्तिनापुर की जे-ब्लॉक कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे थे। दंपति पास में ही कृष्णा किड्स स्कूल का संचालन करते थे।
बताया गया कि गुरुवार रात पति-पत्नी और उनका बेटा एक ही कमरे में अलग-अलग बेड पर सोए थे। देर रात गर्मी के कारण दामिनी बेटे को लेकर बाहर बैठक में सोने चली गई। शुक्रवार सुबह उसने परिजनों को सूचना दी कि अतुल की सांप के काटने से मौत हो गई है।
पुलिस का कहना है कि जांच और पूछताछ के दौरान हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

