धारा 138 एनआई एक्ट विशेष लोक अदालत 18 जुलाई को
1 min read
धौलपुर, राजस्थान
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार 18 जुलाई 2026 को संपूर्ण प्रदेश में धारा 138 एनआई एक्ट विशेष लोक अदालत” का आयोजन किया जा रहा है। विशेष लोक अदालत में सभी न्यायालयों में लंबित राजीनामा योग्य धारा 138 एनआई एक्ट प्रकरणों के साथ-साथ धारा 138 एनआई एक्ट संबंधी प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश रेखा यादव ने बताया कि जिले में न्यायालयों में लंबित धारा 138 एनआई एक्ट प्रकरणों के निस्तारण हेतु कुल 7 बैंचों का गठन किया गया है। धौलपुर मुख्यालय पर 2 बैंचों का गठन किया गया है जिसमें बैंच संख्या 1 न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट धौलपुर, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट धौलपुर एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या 2 धौलपुर हेतु एवं बैंच संख्या 2 न्यायालय एमजेएम धौलपुर, न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या 1 धौलपुर, न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या 3 धौलपुर हेतु गठित की गई है। इसी प्रकार ताल्लुका मुख्यालय बाड़ी, सैंपऊ, बसेड़ी, सरमथुरा, राजाखेड़ा हेतु 1-1 बैंच गठित की गई है।
विशेष लोक अदालत को सफल बनाने हेतु न्यायालयों में लंबित 138 एनआई एक्ट प्रकरणों के साथ-साथ 138 एन.आई.एक्ट प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का आपसी सुलह के माध्यम से राजीनामें द्वारा निस्तारण का प्रयास किया जायेगा। सचिव ने बताया कि पक्षकारों द्वारा आपसी समझाइश एवं राजीनामे के आधार पर अपने प्रकरणों का उक्त विशेष लोक अदालत के माध्यम से निस्तारण कराते हुए शीघ्र सस्ता एवं सुलभ न्याय प्राप्त करने के लिये इस अवसर का आमजन को लाभ उठाना चाहिए।
आमजन से अपील
सचिव ने आमजन से अपील की है कि वे अपने राजीनामा योग्य धारा 138 एन.आई.एक्ट के अधिक से अधिक प्रकरणों को उक्त विशेष लोक अदालत के माध्यम से निस्तारण करवाकर विशेष लोक अदालत को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

