June 10, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

बिजली संकट 25 दिन से सप्लाई बंद, जले तार-ओवरलोड ट्रांसफार्मर से परेशान ग्रामीणों ने DM को सौंपा ज्ञापन

1 min read
Spread the love

नरैनी के मलेहरा निवादा में बिजली संकट: 25 दिन से सप्लाई बंद, जले तार-ओवरलोड ट्रांसफार्मर से परेशान ग्रामीणों ने DM को सौंपा ज्ञापन

बांदा

मामला जिलाधिकारी कार्यालय बांदा से सामने आया है जहां पर बांदा जनपद की तहसील नरैनी क्षेत्र के ग्राम मलेहरा निवादा में पिछले लगभग 25 दिनों से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि हरिजन बस्ती सहित करीब 350 घरों की बिजली आपूर्ति ठप पड़ी हुई है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में लगे लगभग 10 से 15 विद्युत खंभों के बीच का रस्सा (तार) जलकर खराब हो चुका है, जिसके कारण पूरे क्षेत्र में बिजली सप्लाई बंद है।
कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
बिजली न होने से लोगों को रात के समय अंधेरे में रहना पड़ रहा है, वहीं बच्चों की पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था और घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में स्थापित 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लंबे समय से ओवरलोड चल रहा है। अधिक भार पड़ने के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार फुंक जाता है, जिससे विद्युत आपूर्ति बहाल होने के बाद भी समस्या बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि मौजूदा आबादी और बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए 100 केवीए ट्रांसफार्मर पर्याप्त नहीं है।

गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जले हुए और क्षतिग्रस्त रस्से (तार) को तत्काल हटाकर नया तार लगाया जाए तथा 100 केवीए ट्रांसफार्मर को हटाकर 250 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कराया जाए, ताकि भविष्य में ओवरलोडिंग की समस्या से राहत मिल सके।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के अधिकारियों से गांव की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि भीषण गर्मी के बीच 25 दिनों से बिजली न मिलने के कारण लोगों का जीवन कठिन हो गया है और जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस मौके पर दिलीप कुमार, रामेश्वर, बलराम वर्मा, संदीप, दुर्गा, राम खिलावन, सुनील, रामविलास, कल्लू, संतोष,बसंत लाल,शिवबदन, प्रेमनारायण,रवि, कालीचरण,भोला, रामफल, विनोद, सुरेंद्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *