25 हजार की रिश्वत लेते पंचायत समिति का कनिष्ठ सहायक रंगे हाथों गिरफ्तार,
1 min readबसेड़ी में ACB का बड़ा धमाका: 25 हजार की रिश्वत लेते पंचायत समिति का कनिष्ठ सहायक रंगे हाथों गिरफ्तार,
बसेड़ी, धौलपुर
भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को बसेड़ी में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत समिति के कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पंचायत समिति सहित अन्य सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार आरोपी कनिष्ठ सहायक ने एक परिवादी से मस्टरोल जारी करने के एवज में 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। परिवादी की शिकायत पर ACB ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई।
ACB की टीम ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए आरोपी को बाबा भूतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित श्रमदान कार्यक्रम के दौरान रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए धर दबोचा। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में भी हलचल मच गई।
यह पूरी कार्रवाई ACB के डीआईजी ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में तथा डीएसपी ज्ञानचंद के नेतृत्व में संपन्न हुई। ट्रैप के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

सरकारी महकमों में मचा हड़कंप।
ACB की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों में चर्चा का माहौल है। वहीं आमजन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ की गई इस सख्त कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे पारदर्शी प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।फिलहाल ACB की जांच जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
।।धौलपुर राजस्थान से विजय शर्मा की रिपोर्ट।।
