पुलिस की बड़ी सफलता, दो माह पुरानी बाइक चोरी का खुलासा, शातिर वाहन चोर गिरफ्तार,
1 min readबाड़ी कोतवाली पुलिस की बड़ी सफलता: दो माह पुरानी बाइक चोरी का खुलासा, शातिर वाहन चोर गिरफ्तार,
एसबीआई बैंक के बाहर से चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद, आरोपी से अन्य वारदातों को लेकर भी पूछताछ जारी,
बाड़ी, धौलपुर
बाड़ी कोतवाली पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों और वाहन चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब दो माह पूर्व एसबीआई बैंक बाड़ी के सामने से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धौलपुर विकास सांगवान के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रवण कुमार झोरड़ तथा वृत्ताधिकारी बाड़ी महेन्द्र कुमार के निकटतम सुपरविजन में थाना प्रभारी देवेन्द्र कुमार के नेतृत्व में की गई।
बाड़ी थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा के अनुसार 10 अप्रैल 2026 को परिवादी पप्पू ने बाड़ी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 7 अप्रैल को अपने रिश्तेदार की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (RJ 27 AP 5065) से एसबीआई बैंक बाड़ी में रुपये निकालने गया था। बैंक के बाहर बाइक खड़ी करने के बाद जब वह वापस लौटा तो मोटरसाइकिल गायब मिली। काफी तलाश के बावजूद वाहन का पता नहीं चलने पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र, मानवीय सूचना (ह्यूमन इंटेलिजेंस) तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
जांच के दौरान पुलिस ने अर्जुन उर्फ मट्या पुत्र नवाब उर्फ पप्पू (20 वर्ष) निवासी कौलारी, थाना कौलारी को चिन्हित कर 2 जून को सैंपऊ रोड बाड़ी क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ और अनुसंधान के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली। प्रारंभिक जांच में आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी एवं आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज होना सामने आया है, जिससे वह शातिर अपराधी माना जा रहा है।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी।
थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपी से अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ की जा रही है। संभावना है कि उससे कई अन्य मामलों का खुलासा हो सकता है।
इस कार्रवाई में अनुसंधान अधिकारी श्यामसुंदर एएसआई, आसूचना अधिकारी राजेन्द्र सिंह कांस्टेबल, सतीश कांस्टेबल एवं कमल सिंह कांस्टेबल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संपत्ति संबंधी अपराधों और वाहन चोरों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

