भेड़ निष्क्रमण की व्यवस्था एवं नियंत्रण के सम्बन्ध में वर्चुअल बैठक का हुआ आयोजन
1 min read
धौलपुर,
जिले में भेड़ निष्क्रमण की व्यवस्था एवं नियंत्रण के सम्बन्ध में संभागीय आयुक्त नलिनी कठौतिया की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान जिले में निर्धारित मार्गो से भेड़ों के प्रवेश के दौरान अधिक सतर्कता बरतने तथा भेड़ों के इलाज, टीकाकरण के साथ चरवाहों को भी राशन एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भेड़ों के प्रवेश करते समय रजिस्टर संधारित करते हुए उनकी संख्या तथा दल के मुखिया के साथ कितने व्यक्तियों ने जिले में प्रवेश किया है इसकी गणना करना आवश्यक है। प्रवेश करते समय उनको आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने हेतु सम्बंधित अधिकारियों के मोबाइल नम्बर के साथ रूट चार्ट व ठहरने के स्थान को चिन्हित करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें। संभागीय आयुक्त ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन सतर्कता के साथ कार्य करें जिससे उनके बच्चों के साथ कोई अप्रिय घटना न हो पाए। जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग संत सिंह को निर्देश देते हुए कहा कि जिले में भेड़ों के निष्क्रमण मार्ग व ठहराव का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही भेड़ों का टीकाकरण करवाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वर्षा की संभावना को देखते हुए भेड़ पालकों तथा भेड़ो के उचित ठहराव हेतु स्थानों का चिन्हीकरण करना सुनिश्चित करें जिससे वर्षा तूफान से किसी भी प्रकार हानि न हो। आगामी माह में भेड़ों का आना आरंभ हो जायेगा जिले में राजाखेड़ा, बसईनबाब, कंचनपुर, खानपुर मीणा, जारगा एवं सरमथुरा में अस्थाई चैक पोस्टें लगायी जाएं, जिससे जिले में उनका सुगम आवागमन हो सके। बैठक में उपवन संरक्षक वी चेतन कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना सहित सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
ब्यूरो विजय शर्मा

