बेटी सिद्धि गुप्ता ने जेईई मेन्स में लहराया परचम, 97.69 प्रतिशत अंक हासिल
1 min readगोसाईगंज अयोध्या

जनपद क्षेत्र के पूरा बाजार की प्रतिभाशाली छात्रा सिद्धि गुप्ता ने जेईई मेन्स परीक्षा में 97.69 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस शानदार सफलता से घर में खुशी का माहौल है, वहीं क्षेत्रभर में भी हर्ष की लहर दौड़ गई है।
सिद्धि गुप्ता, पंकज गुप्ता की पुत्री और कन्हैयालाल गुप्ता की पौत्री हैं। वह पूरा बाजार की रहने वाली हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई यश विद्या मंदिर, दर्शन नगर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने एक वर्ष तक घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम से जेईई मेन्स की तैयारी की, साथ ही कोचिंग के जरिए भी अपनी पढ़ाई जारी रखी।
कड़ी मेहनत, लगन और परिवार के सहयोग से सिद्धि ने यह मुकाम हासिल किया है। उनके परिवार में शिक्षा का माहौल भी प्रेरणादायक है—उनकी बड़ी बहन वर्तमान में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं।
सिद्धि की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों और समाजसेवियों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। व्यापार मंडल पूरा बाजार के प्रमोद सोनी, कसौधन समाज गोसाईगंज के विजय गुप्ता, हेमंत कसौधन, रामेश्वर कसौधन और पंकज ‘टिल्लू’ कसौधन सहित अनेक लोगों ने सिद्धि के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
