जिले में निर्बाध रहेगी घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति :- जिला कलक्टर
1 min read
धौलपुर,

जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने कहा कि मध्य-पूर्व देशों के बीच संकट की स्थिति के दौरान जिले में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति निर्बाध रखी जाएगी। वर्तमान में भी इसमें किसी तरह का व्यवधान नहीं है। जिले में प्रतिदिन की मांग के अनुरूप रसोई गैस की उपलब्धता है और इसकी नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है। जिला प्रशासन वर्तमान हालात में रसोई गैस सिलैण्डरों की कालाबाजारी और रिफलिंग की रोकथाम के लिए कड़ी निगरानी रख रहा है।
जिला कलक्टर ने यह बात गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि जिले को रसोई गैस की आपूर्ति लगातार मिल रही है। जिसे उपभोक्ताओं के घरों तक पहुंचाया जा रहा है। एक बार बुकिंग के पश्चात उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन का प्रतीक्षाकाल रहेगा। केन्द्र व राज्य सरकार के निर्देशानुसार व्यावसायिक कनेक्शनों पर गैस आपूर्ति को प्रतिबंधित किया गया है तथा घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए टीमें गठित कर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। विजलेंस टीमें कालाबाजारी और अवैध भंडारण रोकने के लिए कार्यवाही कर रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल व छात्रावास आदि संस्थाओं में भी गैस सिलैण्डरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है। जिला कलक्टर ने कहा कि घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए सूचना तंत्र को सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे भयभीत न हो और गैस सिलैण्डरों का अनावश्यक भण्डारण नहीं करे। पत्रकार वार्ता में जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, उपखण्ड अधिकारी धौलपुर कर्मवीर सिंह, जिला रसद अधिकारी मणि खिंची सहित अन्य उपस्थित थे।
ब्यूरो विजय शर्मा
