March 10, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

परीक्षा देने जा रहे हाईस्कूल छात्र की सड़क हादसे में मौत, घर में पसरा मातम

1 min read
Spread the love

गोण्डा।

इटियाथोक थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। छात्र की मोटरसाइकिल गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान 16 वर्षीय जावेद पुत्र कलीम अख्तर निवासी कस्बा आर्यनगर, थाना कौड़िया के रूप में हुई है। जावेद राम कुमारी इंटर कॉलेज कौड़िया का छात्र था और मंगलवार को यूपी बोर्ड हाईस्कूल की चित्रकला विषय की अंतिम परीक्षा देने के लिए मोटरसाइकिल से इंद्र कुंवरि इंटर कॉलेज इटियाथोक जा रहा था। बताया जा रहा है कि इटियाथोक के गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर बकठोरवा गांव के पास उसकी मोटरसाइकिल गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। यह ट्रॉली गन्ना क्रय केंद्र पर गन्ना बेचने जा रहे एक किसान की बताई जा रही है। टक्कर इतनी भीषण थी कि जावेद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घायल जावेद को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटियाथोक ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के अनुसार जावेद इससे पहले हाईस्कूल की पांच विषयों की परीक्षा देकर सकुशल घर लौट चुका था। मंगलवार को वह चित्रकला विषय की अंतिम परीक्षा देने जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया।

घर में चल रही थी बहन की शादी की तैयारी

जावेद के पिता कलीम अख्तर शटरिंग का काम करते हैं। जावेद दो भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटा था। बड़े भाई का नाम परवेज खान (26) है। चार बहनों में से दो की शादी हो चुकी है, जबकि दो बहनों की शादी बाकी है। परिवार में छोटी बहन 22 वर्षीय शादिया की शादी की तैयारी चल रही थी। उसकी शादी 30 तारीख को तय है और मंगलवार को ही उसके लिए लगन आने वाली थी। लेकिन लगन आने से पहले ही भाई की मौत की खबर से घर में मातम छा गया और लगन का कार्यक्रम फिलहाल टाल दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। बड़ी संख्या में लोग जावेद के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *