सम्पूर्णता अभियान 2.0 के तहत राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर आंगनबाड़ी केंद्रों में नवाचार पूर्ण गतिविधियों का आयोजन
1 min read
धौलपुर,

नीति आयोग के आशान्वित जिला एवं ब्लॉक कार्यक्रम अंतर्गत संचालित सम्पूर्णता अभियान 2.0 के तहत आज राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर विविध जागरूकता एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक भूपेश गर्ग ने बताया कि सम्पूर्णता अभियान 2.0 की शुरुआत नीति आयोग द्वारा चिन्हित प्रमुख संकेतकों को निर्धारित समयावधि में संतृप्त करने के उद्देश्य से की गई है। यह अभियान 14 अप्रैल तक संचालित रहेगा। अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता बढ़ाने तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न राष्ट्रीय एवं महत्वपूर्ण दिवसों पर विशेष गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को वैज्ञानिक सोच एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हाथ धोने की सही विधि का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही छूटे हुए बच्चों की वृद्धि निगरानी (Growth Monitoring) की गई तथा संतुलित एवं विविध आहार के महत्व पर चर्चा सत्र आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से अभिभावकों को भी पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले स्तर पर 5 तथा ब्लॉक स्तर पर 6 प्रमुख संकेतकों को चिन्हित किया गया है, जिनकी प्रभावी पूर्ति हेतु विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
आंगनबाड़ी केंद्र खेड़ा में आयोजित सत्र में सहभागिता करते हुए श्री गर्ग ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के समग्र विकास की आधारशिला हैं। यदि प्रारंभिक अवस्था में ही बच्चों को स्वच्छता, पोषण और अनुशासन जैसी अच्छी आदतें सिखाई जाएं तो उनमें सकारात्मक एवं स्थायी बदलाव संभव है। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बच्चों के सर्वांगीण विकास की इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को पूर्ण समर्पण और संवेदनशीलता के साथ निभाएं।
सम्पूर्णता अभियान 2.0 के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता के क्षेत्र में ठोस परिणाम प्राप्त करने की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो राजस्थान

