मंदिर के बगल शराब की दुकानें हटाने को लेकर बैठक
1 min readमंदिर के बगल शराब की दुकाने हटाने को लेकर बैठक
आचार संहिता खत्म होने के बाद होगा मामले का निस्तारण
मिल्कीपुर/अयोध्या
थाना इनायत नगर के चौकी क्षेत्र बारुन बाजार अंतर्गत पौराणिक धर्मस्थल अंधीअंधा मन्दिर श्रवण आश्रम के बगल मौजूद शराब की दुकानों को हटाने के मामले में एसडीएम मिल्कीपुर कार्यालय पर सुबह 11 बजे एक बैठक आयोजित हुई। बैठक में लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने के कारण समस्या के निस्तारण के लिए 5 जून तक का समय लिया गया है।उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में हुई बैठक में आबकारी विभाग के अधिकारी एवं मंदिर के महंत शामिल हुए।बैठक में शराबियों की अराजकता पर अंकुश लगाने के लिए मंदिर के पास पुलिस पिकेट की स्थापना एवं शराब की दुकान हटाने की वैकल्पिक व्यवस्था समेत कई अन्य कई बिंदुओं पर चर्चा हुई। बैठक में उपजिलाधिकारी राजीव रतन सिंह,आबकारी निरीक्षक विवेक पाठक,मंदिर के महंत स्वामी कृष्णाचार्य जी महाराज मौजूद रहे।

इस प्रकरण में आबकारी निरीक्षक विवेक पाठक ने बताया कि शराब की दुकानें नियमानुसार खुली हुई हैं। मन्दिर के पास जो भी समस्याएं हैं उसका निस्तारण उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर के निर्देशानुसार किया जाएगा।
बताते चलें कि मंगलवार को महंत कृष्णाचार्य जी महाराज ने मंदिर के बगल मौजूद शराब की दुकानों को हटाने के लिए सड़क जाम कर धरना प्रदर्शन किया था।जिस पर मौके पर दलबल के साथ पहुंचे प्रभारी निरीक्षक इनायतनगर ने महंत को समझा बुझाकर धरना समाप्त कराते हुए सड़क जाम को खुलवाया था।
