पेटी में रखा जेवरात व नकदी चोरों ने किया पार, ग्रामीणों में दहशत
1 min readमिल्कीपुर //अयोध्या
थाना इनायतनगर के चौकी क्षेत्र बारुन बाजार अंतर्गत खिहारन गांव में बेखौफ चोरों का आतंक बढ़ गया है।बीते एक पखवाड़े के अंदर दो घरों में हुई चोरियों से पूरे गांव में दहशत है।बीती रात चोरों ने ललित मोहन श्रीवास्तव के घर में घुसकर नगदी व जेवरात को पेटी समेत पार कर दिया।सुबह जब खोजबीन की गई तो घर से थोड़ी दूर गांव के किनारे गेहूं के खेत में पेटी और बिखरा हुआ सामान बरामद हुआ जिसमें से चोरों ने पेटी में रखा सोने का दो अदद मंगलसूत्र,कान का टॉप्स,बिछिया,पावजेब और एक गुल्लक जिसमें लगभग 10 से 12 हजार रुपए नगदी थी उसे चोरी कर लिया। एक पखवाड़े पूर्व ठीक इसी पैटर्न पर गांव में हुई दूसरी चोरी में चोरों ने गांव के ही श्याम नारायन के घर को निशाना बनाया था। चोरों ने रात में पीड़ित के घर में घुसकर एक पेटी जिसमें उसकी पत्नी का जेवर,नगदी रखा था उसे साइकिल समेत चुरा लिया था। यहां भी सुबह जब पीड़ित ने खोजबीन किया तो घर से 200 मीटर दूर स्थित कब्रिस्तान के पास बिखरी हुई पेटी मिली जिसमें से चोरों ने नगदी व जेवरात को पार कर दिया था। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस से किया है।

