नारी सशक्तिकरण के महाअभियान में उमड़ा महिलाओं का जनसैलाब, बेटियों की शिक्षा और सम्मान पर दिया जोर
1 min readनारी सशक्तिकरण के महाअभियान में उमड़ा महिलाओं का जनसैलाब, बेटियों की शिक्षा और सम्मान पर दिया जोर
जिला आकांक्षा समिति के आयोजन में महिलाओं को मिली जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों लोगों का हुआ चिकित्सीय परीक्षण
सुल्तानपुर।
नवरात्र पर्व के पावन अवसर पर जिला आकांक्षा समिति के तत्वावधान में नारी सशक्तिकरण को लेकर वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की पत्नी एवं जिला आकांक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती मनजोत कौर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में विधिक जागरूकता शिविर अभियान से जुड़ी माननीय न्यायाधीश की मौजूदगी ने महिलाओं का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, किशोरियों को जागरूक करना तथा समाज में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करना रहा। इस दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
बेटियों को शिक्षित और जागरूक बनाना प्राथमिकता
जिला आकांक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती मनजोत कौर ने नारी सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने और किशोरियों को जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। बेटियों को शिक्षित करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना और सही-गलत के बीच अंतर समझाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जागरूक और शिक्षित बेटियां ही एक समृद्ध समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
नवरात्र पर्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बेटियां देवी का स्वरूप हैं और हर परिस्थिति में उनका सम्मान किया जाना चाहिए। समाज को बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने तथा उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर देने की आवश्यकता है।
एक ही स्थान पर मिलीं विभिन्न योजनाओं की जानकारियां
कार्यक्रम के दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से शिविर लगाए गए। इनमें बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाओं ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और उनका लाभ उठाने की प्रक्रिया के बारे में जाना।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में पहुंचीं सैकड़ों महिलाओं एवं अन्य लोगों का चिकित्सीय परीक्षण किया। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला आकांक्षा समिति की इस पहल को महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

