July 24, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए अहम निर्देश,सभी वाहनों पर नम्बर प्लेट होनी चाहिए :-जिला कलक्टर

1 min read
Spread the love



धौलपुर,

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा आमजन के जीवन से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र करवाने, चेतावनी संकेतक एवं स्पीड ब्रेकर लगाने तथा सड़कों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर एनएचएआई समेत सभी संबंधित विभाग किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। सभी वाहनों पर नम्बर प्लेट लगी होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि अधिक घनत्व वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगवाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने शहर में अवैध रूप से रोड़ पर खड़े हुए वाहनों के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए। अधिक स्पीड व गलत तरीके से ओवरटेक करने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध ड्राइविंग रिटेस्ट या लाइसेंस निरस्त करने की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। सड़क के किनारों पर उगने वाले जंगली पेड़ों की कटाई-छटाई समय-समय पर किया जाना सुनिश्चित करें।
ब्लैक स्पॉट पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
जिला कलक्टर ने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित ब्लैक स्पॉट्स को चिह्नित कर वहां संकेतक बोर्ड, रंबल स्ट्रिप्स, स्पीड ब्रेकर और गति सीमा निर्धारण जैसे उपाय तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएं। उन्होंने नगर परिषद को निर्देशित किया कि शहर की सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत तत्काल कराई जाए और नालियों की सफाई भी नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए। शहर में खुले नालों पर फैरो कवर लगाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने शहर में ज्यादा ट्रैफिक से होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्य बाजारों में सर्वे कर वन वे बनाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिससे आमजन को राहत प्रदान की जा सके। उन्होंने एनएचएआई के अन्तर्गत दुर्घटनाग्रस्त स्पॉट के कारणों का सर्वे कर उनको कम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त स्पॉट वाली जगहों पर निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समयबद्धता और समन्वय के साथ कार्य करें। यातायात प्रबंधन में बेहतर रणनीति और तालमेल के साथ योगदान दें। बैठक के दौरान एनएचएआई के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व समिति सदस्य उपस्थित रहे।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *