सर्राफा व्यापारी से अंडरवर्ल्ड डॉन बनकर धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार
1 min read48 घंटे में रंगदारी कांड का खुलासा: सर्राफा व्यापारी को अंडरवर्ल्ड डॉन बनकर धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार,
बाड़ी, धौलपुर
बाड़ी कोतवाली पुलिस ने सर्राफा व्यापारी से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के सनसनीखेज मामले का महज 48 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से व्यापारियों और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में तथा थानाधिकारी देवेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित कुमार गुर्जर (22) निवासी बड़ा मानपुर, थाना कोलारी, जिला धौलपुर को गिरफ्तार किया।
बाड़ी थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी ने बड़ी चालाकी और शातिर तरीके से दूसरे व्यक्ति के मोबाइल फोन का उपयोग कर स्वयं को अंडरवर्ल्ड डॉन बताकर सर्राफा व्यापारी को कॉल की थी। आरोपी ने व्यापारी से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

पुराने लेन-देन के विवाद से जुड़ा निकला मामला।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी और सर्राफा व्यापारी के बीच करीब तीन माह पहले शादी के गहने बनवाने के लिए दिए गए एडवांस रुपये वापस करने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने भय पैदा करने और दबाव बनाने के उद्देश्य से रंगदारी की साजिश रची।
तीन टीमों का गठन, तकनीकी जांच बनी सफलता की कुंजी,
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया था। टीमों ने मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।
अपराधियों पर कार्रवाई जारी रहेगी,
वृत्त अधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान जारी है तथा जिले में जघन्य अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
गिरफ्तारी में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका,
कार्रवाई में थानाधिकारी देवेंद्र कुमार शर्मा, एएसआई जंडैल सिंह, एएसआई नवीन कुमार, एएसआई नीरज कुमार, कांस्टेबल राजेंद्र (487) एवं कांस्टेबल सुबै सिंह (303) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से आरोपी की गिरफ्तारी में कांस्टेबल राजेंद्र (487) का योगदान सराहनीय रहा।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को व्यापारिक वर्ग ने राहत देने वाला कदम बताते हुए पुलिस टीम की सराहना की है।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो
