सचिव रेखा यादव ने किया सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
1 min read
धौलपुर,
सदस्य सचिव राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला एवं सेशन न्यायाधीश संजीव मागो के मार्गदर्शन में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेखा यादव ने जिले में पीड़ित महिलाओं की सहायता हेतु महिला अधिकारिता विभाग द्वारा निर्भया योजना के अंतर्गत संचालित सखी वन स्टॉप सेन्टर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य केंद्र पर पीड़ित महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं, सुरक्षा और विधिक सहायता की वास्तविक स्थिति को जांचना था।
निरीक्षण दौरान वनस्टॉप सेंटर में एक महिला एवं एक बालिका उपस्थित मिली। जिनसे सचिव ने वनस्टॉप सेंटर पर मिलने वाले भोजन, रहने की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा और स्टाफ के व्यवहार के बारे में जानकारी ली। जिनमें एक बालिका जो कि अपने परिवारीजनों का पता बताने में असक्षम थी इस मौके पर सचिव ने प्रबंधक को निर्देशित किया कि जल्द ही इस बच्ची को परिवारीजनों की तलाश करें साथ ही सचिव ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हर पीड़ित महिला को निःशुल्क और त्वरित कानूनी सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने वनस्टॉप सेंटर के आपातकालीन आश्रय कक्ष, परामर्श कक्ष, चिकित्सा कक्ष का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने वनस्टॉप सेंटर पर रखे गए विभिन्न रजिस्टरों, आगंतुक पंजिका और पीड़ित महिलाओं के मामलों से संबंधित फाइलों को चैक किया। निरीक्षण दौरान सचिव ने उपस्थित वनस्टॉप सेंटर प्रबंधक को निर्देश दिए कि वे रिकॉर्ड को पूरी तरह से अपडेट रखें और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखें।
साथ ही सचिव ने वन स्टॉप सेंटर पर उपस्थित केंद्र प्रबंधक को निर्देश दिए कि यहां पर आने वाली किसी भी पीड़ित महिलाओं, बालिकाओं को बिना किसी देरी के तत्काल राहत, काउंसिलिंग और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए साथ ही स्वच्छता और सुरक्षा केंद्र परिसर में साफ-सफाई और विशेषकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम हमेशा सुनिश्चित किए जाएं।
इस अवसर पर सहायक निदेशक महिला अधिकारिता विभाग बबलू शर्मा, बाल संप्रेषण एवं किशोर गृह प्रबंधक मुरारीलाल मीणा, कनिष्ठ सहायक संजय, वन स्टॉप सेंटर प्रबंधक शिप्रा पचौरी एवं स्टाफ, स्टेनो राहुल डंडौतिया आदि मौजूद रहे।
ब्यूरो विजय शर्मा

