तालाब व सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का विरोध करने पर परिवार पर हमला, तीन घायल प्रशासन खामोश
1 min readकटरा बाजार गोंडा

थाना क्षेत्र के नगर पंचायत कटरा बाजार के पठान टोला मोहल्ले में तालाब की सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अवैध कब्जे का विरोध करने पर दबंगों ने दूसरे पक्ष के परिवार पर ईंटों से हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि पठान टोला में स्थित तालाब की सरकारी जमीन पर कुछ लोग अवैध निर्माण करा रहे थे। जब दूसरे पक्ष के लोगों ने इसे सरकारी भूमि बताते हुए निर्माण कार्य का विरोध किया, तो आरोप है कि दबंगों ने गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में एक व्यक्ति का सिर फट गया, जबकि दो अन्य लोगों के हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने उनका मेडिकल नहीं कराया और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई की। आरोप यह भी है कि पहले पीड़ितों को थाने से भगा दिया गया और बाद में पीड़ित को ही थाने में बैठा लिया गया, जिससे परिवार में आक्रोश है। पीड़ितों ने पुलिस पर दबंगों को संरक्षण देने और तालाब की सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण कराने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पीड़ित परिवार ने उच्चधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराकर अवैध निर्माण रुकवाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
