मिल्कीपुर के करमडांडा गांव में सात माह से जलापूर्ति ठप शिकायत करने के बाद भी अधिकारी खामोश
1 min readमिल्कीपुर/अयोध्या
विकासखंड मिल्कीपुर के ग्राम पंचायत करमडांडा में ग्रामीणों के घरों में विगत 7 माह से जल जीवन मिशन द्वारा लगाई गई टंकी से जलापूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीण परेशान हैं।ग्रामीण मो मुफीद,मुलायम सिंह यादव,महेश शर्मा,रामनाथ,मो सोहराब,हीरालाल कनौजिया,मो नियाज,शिवशंकर मिश्रा,मो फारूक आदि ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी गांव में जलापूर्ति शुरू नहीं की गई है। ग्राम प्रधान मुकेश पंडित ने आरोप लगाया कि टंकी में लीकेज,पंप हाउस की वायरिंग ध्वस्त होने व मोटर जलने की शिकायत सम्बन्धित अधिकारियों से कई बार की गई परंतु उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण के जिम्मेदारों ने इस पर कोई कार्यवाही नहीं किया। इसी मामले को लेकर पिछले वर्ष 18 दिसम्बर को गांव में ही विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम के दौरान आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों ने जलापूर्ति को लेकर जबरदस्त हंगामा काटा था जिससे पूरे कार्यक्रम में अफरा तफरी फैल गई थी। पूरे मामले पर भाजपा नेताओं के हस्तक्षेप से जल्द ही जलापूर्ति शुरू कराने की बात अधिकारियों ने कही थी। परंतु कई माह बीत जाने के बाद भी टंकी का संचालन अभी तक शुरू नहीं हुआ।जलापूर्ति न होने के कारण चार हजार से अधिक की आबादी वाला यह गांव सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर जल योजना से वंचित है। ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण अयोध्या द्वारा हाल ही में जारी किए गए कंट्रोल रूम नंबरों पर भी फोन करने का प्रयास किया परंतु ग्रामीण मो मुफीद का कहना है कि कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर लग ही नहीं रहा है।

